राजस्थान के बहरोड़ में पुलिस ने रोहित गोदारा गैंग के एक कुख्यात बदमाश अभिषेक उर्फ 'बटार' को गिरफ्तार किया है, जो महिला के भेष में घूम रहा था। पुलिस को सूचना मिली थी कि वह किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी पिस्टल, जिंदा कारतूस और मैगजीन बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ जारी है।
राजस्थान के बहरोड़ शहर में सड़कों पर सामान्य चहल-पहल थी, लेकिन पुलिस की सतर्क नजर एक संदिग्ध पर पड़ी। एक व्यक्ति लहंगा-लूगड़ी पहने तेज कदमों से जा रहा था। पहली नजर में सब सामान्य लगा, लेकिन कुछ देर बाद पुलिस को गड़बड़ महसूस हुई। उसकी चाल में अजीब सी सख्ती थी...
मानो कोई पुरुष महिला का भेष बनाकर चल रहा हो। पुलिसकर्मियों ने शक के आधार पर उसे रोका। पूछताछ शुरू होने पर शक यकीन में बदल गया - आवाज में भारीपन, हिचक और डर साफ झलक रहा था। पुलिस ने तुरंत तलाशी ली, और जैसे ही लहंगा हटाया तो नजारा हैरान करने वाला था। वहां से एक देसी पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद हुई। वह कोई महिला नहीं, बल्कि रोहित गोदारा गैंग का कुख्यात बदमाश अभिषेक उर्फ ‘बटार’ था।\बहरोड़ पुलिस के अनुसार, अभिषेक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में था। खुद को बचाने के लिए उसने महिलाओं के कपड़े पहनकर भेष बदल लिया था। घूंघट में चेहरा छिपाए वह भीड़ में पहुंचने की कोशिश कर रहा था, लेकिन उसकी चाल-ढाल ने उसकी मंशा पर पानी फेर दिया। एसपी देवेंद्र कुमार बिश्नोई ने बताया कि आरोपी अभिषेक उर्फ बटार मोलाहेड़ा थाना पनियाला का रहने वाला है और 25 हजार रुपये का इनामी बदमाश है। जयपुर, कोटपूतली, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों की पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि अभिषेक पर कम से कम 8 मामले दर्ज हैं, जिनमें लूट, धमकी, अवैध हथियार रखने और हमला करने जैसे संगीन मामले शामिल हैं। पुलिस का कहना है कि अभिषेक रोहित गोदारा गैंग का सक्रिय सदस्य है, जो लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा माना जाता है। राजस्थान की एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने हाल ही में इन दोनों गैंग्स से जुड़े अपराधियों की एक सूची जारी की थी, और अभिषेक का नाम भी उस सूची में शामिल था। बहरोड़ पुलिस को सूचना मिली थी कि गैंग का एक सदस्य किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहा है।\सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके में नाकाबंदी की। इसी दौरान महिला की वेशभूषा में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया। उसकी मर्दाना चाल देखकर पुलिस को शक हो गया। तलाशी में जो सामान बरामद हुआ, उसने सबको चौंका दिया। एसपी ने बताया कि आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में उसने कबूल किया कि वह वारदात को अंजाम देने के इरादे से भेष बदलकर निकला था। गिरफ्तारी के बाद, पुलिस ने आरोपी का शहर में महिला वाले कपड़ों में जुलूस निकाला और परेड कराई। अभिषेक को अब पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वे गैंग के अन्य सदस्यों के ठिकानों और उनकी योजनाओं के बारे में जानकारी हासिल करने की कोशिश कर रहे हैं। पुलिस को शक है कि अभिषेक हाल ही में हुई कुछ आपराधिक वारदातों से भी जुड़ा हो सकता है। उसकी मोबाइल लोकेशन और नेटवर्क की जांच की जा रही है। एसपी ने बताया कि अभिषेक उर्फ बटार लंबे समय से फरार था और वह गैंग के लिए हथियार सप्लाई और रेकी करने का काम करता था। पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, 12 जिंदा कारतूस और एक मैगजीन बरामद की है। आगे की जांच में और खुलासे होने की संभावना है
राजस्थान बहरोड़ रोहित गोदारा गैंग अभिषेक बटार अपराध गिरफ्तारी पुलिस भेष पिस्टल इनामी बदमाश
