गुजरात के सूरत में महिला रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अपनी कार में खून से लथपथ और बेहोश मिलीं. उनके सिर में गोली लगी थी. दो दिन पहले ही उन्होंने पति पर उत्पीड़न का केस दर्ज कराया था. राहगीर की सूचना पर पुलिस ने अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिर से गोली निकाली. हालत गंभीर है. पुलिस जांच कर रही है कि यह आत्महत्या का प्रयास था या हत्या की साजिश.
गुजरात के सूरत में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जिसने पुलिस और प्रशासन दोनों को सकते में डाल दिया है. कमरेज तालुका के वाव जोखा गांव में रेंज फॉरेस्ट ऑफिसर अपनी कार में खून से लथपथ और बेहोश हालत में मिलीं.
उनके सिर में गोली लगी थी. घटना उस समय और चौंकाने वाली बन गई जब पता चला कि महिला अफसर ने दो दिन पहले ही अपने पति के खिलाफ उत्पीड़न और धमकी देने का मामला दर्ज कराया था. गांव से गुजर रहे एक राहगीर ने सड़क किनारे खड़ी कार में महिला अफसर को घायल देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस ने उन्हें सूरत के अस्पताल में भर्ती कराया, जहां शुरुआती जांच में डॉक्टरों को उनके सिर में गंभीर चोट दिखी. बाद में सिटी स्कैन के दौरान उनके सिर के अंदर गोली फंसी होने का पता चला. देर रात ऑपरेशन कर गोली निकाली गई, लेकिन डॉक्टरों के अनुसार अफसर की हालत अभी भी नाजुक है और वह वेंटिलेटर पर हैं. पुलिस ने मौके से कार जब्त कर ली है और पूरे इलाके को सील कर फॉरेंसिक टीम को जांच के लिए बुलाया गया है. प्रारंभिक जांच में पुलिस इस बात की पड़ताल कर रही है कि यह मामला आत्महत्या का प्रयास है या फिर किसी ने उन्हें निशाना बनाकर गोली मारी. फॉरेंसिक विशेषज्ञ कार के अंदर से फिंगरप्रिंट और गनशॉट के सबूत तलाश रहे हैं. जानकारी के अनुसार, घायल अफसर का पति आरटीओ में इंस्पेक्टर हैं। महिला ने उनके खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी. उन्होंने आरोप लगाया था कि पति उन्हें लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है और जान से मारने की धमकियां भी दे रहा था. इसी पृष्ठभूमि के चलते पुलिस पति से भी पूछताछ कर रही है. सूरत के एसपी भावेश गढ़िया ने कहा कि “गोली निकाल दी गई है, लेकिन स्थिति गंभीर है. हम हर एंगल से जांच कर रहे हैं.” इस घटना ने पूरे विभाग को हिला दिया है. अब यह जांच का विषय है कि क्या यह एक घरेलू विवाद की भयावह परिणति है या किसी गहरी साजिश का हिस्सा. फिलहाल, पूरा शहर इस बहादुर अफसर के जीवन के लिए प्रार्थना कर रहा है.
Gujarat News Surat News Crime News सूरत न्यूज गुजरात न्यूज क्राइम न्यूज
