नामांकन के अंतिम दिन जहानाबाद, मखदुमपुर और घोषी सीटों पर राजनीतिक हलचल तेज रही. राहुल शर्मा ने एनडीए सरकार पर हमला बोला तो घोषी में जन सुराज से बगावत कर अनुराधा सिन्हा बसपा के टिकट पर मैदान में उतरीं.
बिहार विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण के नामांकन के आखिरी दिन जहानाबाद जिले में जबरदस्त चुनावी गहमा-गहमी देखने को मिली. जिले के तीन प्रमुख विधानसभा क्षेत्रों जहानाबाद, मखदुमपुर और घोषी में अलग-अलग दलों के उम्मीदवारों ने अपने-अपने नामांकन पत्र दाखिल किए.
राजद, लोजपा , जन सुराज और कई निर्दलीय प्रत्याशी पूरे उत्साह के साथ नामांकन स्थल पहुंचे. जहानाबाद विधानसभा सीट से राष्ट्रीय जनता दल के प्रत्याशी राहुल शर्मा ने नामांकन दाखिल किया. नामांकन के बाद उन्होंने मीडिया से बातचीत में एनडीए सरकार पर तीखा हमला बोला. राहुल शर्मा ने कहा कि “देश में इस समय एक तरह का अघोषित आपातकाल चल रहा है. जनता की आवाज़ को दबाया जा रहा है और संवैधानिक संस्थाओं को कमजोर किया जा रहा है.” उन्होंने कहा कि वे इसी अघोषित आपातकाल के खिलाफ जनांदोलन खड़ा करने के मकसद से चुनावी मैदान में उतरे हैं. राहुल शर्मा ने भरोसा जताया कि जहानाबाद की जनता बदलाव की मिसाल कायम करेगी, क्योंकि यह धरती हमेशा अन्याय के खिलाफ खड़ी रही है. मखदुमपुर विधानसभा क्षेत्र से भी नामांकन के दौरान जोरदार माहौल देखने को मिला. यहां से राजद के सूबेदार दास, लोजपा की रानी कुमारी, और जन सुराज के शंकर स्वरूप ने अपने नामांकन पत्र भरे. रानी कुमारी ने विकास को मुख्य चुनावी मुद्दा बताते हुए कहा कि वे क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने, रोजगार के अवसर बढ़ाने और वाणावर क्षेत्र को पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए काम करेंगी. घोषी विधानसभा सीट पर इस बार मुकाबला और दिलचस्प हो गया है. जन सुराज संगठन से बगावत करने वाली अनुराधा सिन्हा ने बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर नामांकन दाखिल किया. उन्होंने अपने पुराने संगठन और उसके नेता प्रशांत किशोर पर गंभीर आरोप लगाए. अनुराधा सिन्हा ने कहा कि जन सुराज अब अपने मूल सिद्धांतों से भटक चुका है और संगठन के अंदर लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की अनदेखी की जा रही है. नामांकन के अंतिम दिन जहानाबाद, घोषी और मखदुमपुर की सड़कों पर समर्थकों की भारी भीड़ उमड़ी रही. ढोल-नगाड़ों के साथ समर्थक अपने प्रत्याशियों के समर्थन में नारे लगाते नजर आए. अब जबकि नामांकन प्रक्रिया पूरी हो चुकी है, इन तीनों सीटों पर मुकाबला काफी दिलचस्प और बहुकोणीय हो गया है. आने वाले दिनों में यह देखना अहम होगा कि कौन उम्मीदवार जनता का विश्वास जीत पाता है. इनपुट- मुकेश कुमार ये भी पढ़ें- राजद ने थमाई 24 महिलाओं के हाथ में चुनावी कमान, विधानसभा के लिए दिया टिकट बिहार की नवीनतम अपडेट्स के लिए ज़ी न्यूज़ से जुड़े रहें! यहाँ पढ़ें Bihar News in Hindi और पाएं Bihar latest News in Hindi हर पल की जानकारी. बिहार की हर ख़बर सबसे पहले आपके पास, क्योंकि हम रखते हैं आपको हर पल के लिए तैयार. जुड़े रहें हमारे साथ और बने रहें अपडेटेड!
Jehanabad Nomination Rahul Sharma RJD LJP (R) Jan Suraaj BSP Anuradha Sinha Rani Kumari Subedar Das Shankar Swaroop Ghosi Seat Makhdumpur Seat Bihar Politics
